धमतरी। होली की रात सिहावा थाना क्षेत्र के सांकरा स्थित मंसाराम फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कुछ युवकों ने विवाद कर दिया। जानकारी के अनुसार देर रात एक वाहन में सवार होकर 6-7 युवक पेट्रोल पंप पहुंचे और डीजल भरवाने को लेकर कर्मचारी से बहस करने लगे।
बताया जा रहा है कि युवकों ने नोजल लेकर खुद ही वाहन में डीजल डालने की कोशिश की। कर्मचारी द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ गया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना हो गई, जिसमें एक कर्मचारी के सिर पर चोट आई। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गुरुवार सुबह पेट्रोल पंप संचालक ने सिहावा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जांच में जुट गई है।
