धमतरी/ होली पर्व (होलिका दहन एवं धुलेंडी) के अवसर पर जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इस वर्ष 02 मार्च 2026 को होलिका दहन एवं 04 मार्च 2026 को धुलेंडी (रंग-गुलाल) का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए 02 मार्च को सायं 4:00 बजे से आगामी आदेश तक विशेष पुलिस प्रबंध प्रभावी कर दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में व्यवस्थाएं
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के सतत मॉनिटरिंग में संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय को इस विशेष व्यवस्था का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अनुभाग धमतरी, कुरूद, नगरी एवं केरेगांव-अकलाड़ोगरी क्षेत्रों में संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है।
300 से अधिक पुलिस बल तैनात
त्योहार के दौरान जिले में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं—
-
लगभग 300 से अधिक पुलिस बल
-
33 चारपहिया पेट्रोलिंग वाहन
-
15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग दल
-
02 क्यूआरटी (त्वरित कार्यवाही दल)
-
23 फिक्स पिकेट
-
पर्याप्त रिजर्व बल, बॉडीगार्ड हेलमेट एवं बलवा ड्रिल सामग्री सहित
शहर में लगभग 100-110 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतत निगरानी रखी जा रही है।

सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर
जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी पेट्रोलिंग पार्टियों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। विशेष शाखा एवं साइबर टीम द्वारा फेसबुक, व्हाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले संदेशों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
होटल, लॉज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं गेस्ट हाउसों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन
होली के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
-
दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी
-
शराब सेवन कर वाहन चलाना
-
मुखौटा लगाकर वाहन चलाना
पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर आवश्यकतानुसार वाहन जब्त किए जाएंगे। हाईवे पेट्रोलिंग दल दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपात स्थिति में त्वरित राहत-बचाव सुनिश्चित करेंगे।
अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई
अवैध शराब बिक्री, हुड़दंग, छेड़छाड़, मारपीट, चाकूबाजी एवं जबरन रंग डालने जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। गुंडा/निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग, बाउंड ओवर की कार्रवाई तथा आवश्यकतानुसार जिला बदर एवं एनएसए के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ध्वनि नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा के विशेष निर्देश
लाउडस्पीकर एवं डीजे निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि स्तर के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अत्यधिक शोर-शराबा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
होलिका दहन बिजली तारों एवं खंभों के नीचे न हो, इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया गया है। अग्निशमन वाहन मय स्टाफ तैनात रहेंगे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पेट्रोलिंग वाहनों के माध्यम से लाउडस्पीकर द्वारा नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
