धमतरी/ आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जिलेभर में गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों के विरुद्ध विशेष सघन अभियान चलाया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई।
पुलिस लाइन रूद्री में 35 बदमाशों की विशेष परेड
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 35 निगरानी, गुंडा एवं माफी बदमाशों को पुलिस लाइन रूद्री में उपस्थित कर उनकी विधिवत परेड कराई गई।
इस दौरान प्रत्येक बदमाश से व्यक्तिगत चर्चा कर कड़ी चेतावनी दी गई कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, मारपीट, चाकूबाजी, अड्डेबाजी, जबरन वसूली या अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांति बनाए रखने की दिलाई गई शपथ
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी को समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने की समझाइश दी। स्पष्ट किया गया कि जिनका आचरण संतोषजनक रहेगा, उन्हें माफी सूची में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।
सभी उपस्थित व्यक्तियों को शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

संवेदनशील क्षेत्रों में हाई अलर्ट
एसपी द्वारा जिले के उभरते गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों एवं अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
-
संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान
-
सघन वाहन चेकिंग अभियान
-
फ्लैग मार्च
-
लगातार पेट्रोलिंग
-
प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई
आदतन अपराधियों के विरुद्ध माइनर एक्ट एवं अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई कर जेल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस कार्यवाही में एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित सिटी कोतवाली, अर्जुनी, रूद्री, कुरूद, भखारा, मगरलोड, नगरी, सिहावा, केरेगांव, दुगली, चौकी बिरेझर, करेलीबड़ी एवं अन्य थाना/चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।
