धमतरी/ धमतरी में सैनिक स्कूल खोलने की स्वीकृति मिलने पर भाजपा पार्षदों ने आज महापौर से सौजन्य मुलाकात कर हर्ष व्यक्त किया तथा पार्षद दल की ओर से आभार जताया।
पार्षदों ने कहा कि महापौर के सतत प्रयासों, राज्य शासन के सकारात्मक सहयोग एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल की स्थापना से धमतरी जिले सहित पूरे अंचल के विद्यार्थियों को सेना में जाने के लिए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा।
पार्षदों का कहना है कि सैनिक स्कूल खुलने से क्षेत्र के युवाओं में देशसेवा की भावना और अधिक प्रबल होगी तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, अनुशासन और प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे न केवल जिले की पहचान राष्ट्रीय पटल पर सुदृढ़ होगी, बल्कि यहां के विद्यार्थियों का भविष्य भी उज्ज्वल बनेगा।

उन्होंने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी सैनिक स्कूल की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हुई है। पार्षदों ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर बताया।
इस अवसर पर भाजपा पार्षदों ने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा सैनिक स्कूल की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, हिमानी साहू, पार्षद मेघराज ठाकुर, अज्जू देशलहरे, कुलेश सोनी, हेमंत बंजारे, ईश्वर सोनकर एवं संजय देवांगन उपस्थित रहे।
