धमतरी/ जिले में सैनिक स्कूल खोलने का रास्ता साफ हो गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने 17 फरवरी को सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर जिला धमतरी में नवीन सैनिक स्कूल खोले जाने के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है।
पत्र के अनुसार, कार्यालय कलेक्टर जिला-धमतरी के 13 फरवरी 2026 के पत्र के माध्यम से जिले में भूमि उपलब्धता तथा यहां निवासरत सैनिक परिवारों की संख्या के आधार पर नया सैनिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव का परीक्षण करने के बाद संचालनालय ने धमतरी में सैनिक स्कूल खोले जाने पर सहमति प्रदान की है।

गौरतलब है कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में केवल एक ही सैनिक स्कूल अंबिकापुर में संचालित है। इसके अलावा विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए नागपुर सहित अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता है।
धमतरी में सैनिक स्कूल की स्थापना से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा मिलेगा। नए स्कूल के खुलने से जिले में रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है।
