चार आरोपी गिरफ्तार, 12.20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
धमतरी/ पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली, मगरलोड और केरेगांव थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 12.20 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब एवं गांजा जब्त किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते युवक पकड़ा
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन पारा स्थित निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के पास पुलिस ने एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के पास से 5.3 ग्राम गांजा, नगदी रकम, मोबाइल फोन एवं सेवन में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई। आरोपी मनीष कोर्राम (22), निवासी स्टेशन पारा के खिलाफ धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
बिना नंबर बाइक से महुआ शराब परिवहन, दो गिरफ्तार
मगरलोड थाना पुलिस ने ग्राम जामली के पास विजयपुर–जामली कच्चे रास्ते पर बिना नंबर की बाइक से शराब परिवहन करते दो आरोपियों को पकड़ा। बाइक पर रखे जरीकेन से 9 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी लोमन साहू (39) और गंगाधर नेताम (26) के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

घर के पास शराब बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार
केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नयापारा कुकरेल में पुलिस ने दबिश देकर अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहे आरोपी पुरूषोत्तम निषाद (46) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 3.20 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं 520 रुपए बिक्री रकम जब्त की गई। प्रकरण में धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब व मादक पदार्थों से जुड़े लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
