छात्रावास भवन का भूमिपूजन, सामाजिक भवन की बाउंड्रीवाल के लिए 25 लाख की घोषणा
बालोद/ उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नवदायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने समाज के विद्यार्थियों के हित में छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया तथा सामाजिक भवन की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के लिए आज संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में बालोद जिला साहू समाज निरंतर प्रगति करेगा। साव ने कहा कि शिक्षा, कृषि, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में बालोद जिले की एक अलग पहचान रही है, जिसे और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी अब नए पदाधिकारियों पर है।

उन्होंने कहा कि समाज का द्वार गरीब, मजदूर, रिक्शा व ऑटो चालकों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए सदैव खुला रहना चाहिए। सामाजिक पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे समाज के हर व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनें। साथ ही वर्ष में कम से कम दो बार सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक सदस्य तक पहुंचे, जिससे समाज से जुड़ाव मजबूत हो।
समारोह में साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू एवं रमशीला साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष टहल सिंह साहू सहित विपिन साहू, दीपक साहू, प्रीतम साहू, प्रतिभा चौधरी, हलधर साहू, वीरेंद्र साहू तथा नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष महेंद्र साहू, मदन साहू, बंशीलाल साहू, गणेश राम साहू, राजेश साहू, भागवत साहू एवं सुनील साहू उपस्थित थे।
