महापौर रामू रोहरा रहे मुख्य अतिथि, होनहार युवाओं का किया सम्मान
धमतरी/ ग्राम कुरमातराई में आयोजित त्रि-दिवसीय श्रीरामचरितमानस कथा महोत्सव का समापन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंत्री महेंद्र पंडित ने की। विशेष अतिथि के रूप में आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन, जनपद सदस्य अग्रवाल साहू, लोकेश वैष्णव (पूर्व सरपंच) मौजूद रहे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि रामू रोहरा ने गांव के होनहार युवाओं को सम्मानित किया। सीआरपीएफ में चयनित टेमेश साहू एवं एमबीबीएस में चयनित तेज प्रकाश को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान संपूर्ण ग्राम राममय वातावरण में सराबोर रहा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश की ख्याति प्राप्त मानस मंडलियों ने प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य, सेवा और करुणा के भावों को भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि श्रीरामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ कला है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को यदि हम अपने आचरण में उतार लें, तो समाज की अनेक कुरीतियां स्वतः समाप्त हो सकती हैं। उन्होंने आयोजन के लिए ग्राम विकास समिति की सराहना करते हुए ग्रामवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महेंद्र पंडित ने कहा कि मानस महोत्सव जैसे आयोजन सामाजिक एकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। समापन अवसर पर आयोजक समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं श्रीराम गमछा भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष शेष नारायण साहू, संयोजक निलेश ध्रुव, उपाध्यक्ष हेमलाल साहू, सचिव टेकराम साहू, कोषाध्यक्ष धनंजय साहू सहित समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
