धमतरी/ धमतरी पुलिस के वरिष्ठ आरक्षक बंशीलाल पैकरा 41 वर्षों की अनुकरणीय सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धमतरी पुलिस की ओर से श्री पैकरा को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर ससम्मान विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में श्री पैकरा के दीर्घ सेवाकाल के दौरान उनके कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारीपूर्ण सेवाभाव को स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके 41 वर्षों के सेवाकाल को पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि श्री पैकरा ने अपने पूरे सेवाकाल में विभाग की गरिमा को सदैव बनाए रखा।

विदाई अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी ने श्री पैकरा के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह आत्मीयता एवं सम्मानपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, डीपीओ अजय सिंह, मुख्य लिपिक लक्ष्मी ध्रुव, स्टेनो अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त आरक्षक बंशीलाल पैकरा को उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य के लिए बधाइयाँ एवं शुभकामनाएं दीं।
