जगदलपुर जिला सत्र न्यायालय के ऑफिशियल मेल पर धमकी भरा मेल आने से हड़कम्प मच गया है. इस मेल में जिला सत्र न्यायालय के अंदर बम प्लांट होने की बात लिखी गई है. वहीं इस मेल के मिलते ही पूरे जिला सत्र न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत ही न्यायालय को खाली करने के आदेश दे दिए गए. इधर सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर बस्तर के एसपी शलभ सिन्हा और बम निरोधक दस्ता की टीम पहुंची.
साइबर के माध्यम से लगाई जा रही मेल की जानकारी
बम निरोधक दस्ता की टीम द्वारा लगातार परिसर के हर कोने की जांच की जा रही है. बस्तर एसपी शलभ सिन्हा का कहना है कि ऑफिशल मेल को चेक किया गया है, हालांकि यह मेल कहां से आया है इसकी जानकारी साइबर के माध्यम से लगाई जा रही है. वहीं इस वक्त न्यायालय में स्थिति सामान्य है. मगर इस मेल के बाद न्यायालय में मौजूद स्टॉफ और वकीलों में दहशत का माहौल व्याप्त है और सभी न्यायालय के अंदर से बाहर निकल गए है.
गौरतलब यह है कि जगदलपुर के साथ-साथ अंबिकापुर जिला सत्र न्यायालय में भी बम प्लांट करने का मेल आया है ,पिछले दो महीनो में लगातार छत्तीसगढ़ के लगभग 4 से अधिक जिला सत्र न्यायालयो के ऑफिशियल मेल पर इस तरह के धमकी भरे मेल आने से हड़कंप मचा हुआ है.

कोर्ट परिसर खुलते ही मची गई अफरा-तफरी
बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे मेल के माध्यम से यह धमकी मिली थी, जिसके बाद सुबह 10 बजे कोर्ट खुलने के बाद यह धमकी भरा मेल देखते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. इधर एहतियातन के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और न्यायालय परिसर की सघन जांच बम निरोधक दस्ता टीम द्वारा की गई.
शुरुआती जांच में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन धमकी के बाद न्यायालय के भीतर दहशत का माहौल बना हुआ है, फिलहाल कोर्ट परिसर में खड़ी सभी गाड़ियों की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा कारणों से न्यायालय का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा. वहीं पुलिस प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की बात कही है.
