होटल-ढाबा, लॉज व बार की गहन जांच,
सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में लगाए गए चेकिंग पॉइंट
धमतरी/ गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबा, लॉज एवं बार की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान ठहरने वाले व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, रजिस्टरों की जांच की गई तथा संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही अन्य राज्य एवं जिला सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में चेकिंग पॉइंट स्थापित कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। वाहनों की तलाशी लेकर दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की आवाजाही अथवा आपराधिक घटना को रोका जा सके।

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर परेड ग्राउंड एवं अन्य कार्यक्रम स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत किया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान गणतंत्र दिवस तक एवं समारोह के दौरान भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम नागरिक निर्भय होकर राष्ट्रीय पर्व मना सकें।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
