16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
धमतरी/ एसपी धमतरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नगरी पुलिस ने ग्राम छिपली में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 16 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपए है, जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छिपली में दो अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति अपने घरों से अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद नगरी पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी, जहां दोनों आरोपियों को रंगे हाथों अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया।

पहली कार्रवाई में
आरोपी गुपेश नवरंग (32 वर्ष), निवासी छिपली, थाना नगरी के घर से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 1,500 रुपए) जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
दूसरी कार्रवाई में
आरोपी राधेलाल चतुर्वेदी (53 वर्ष), निवासी छिपली, थाना नगरी के घर से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 900 रुपए) जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध भी धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
