सुबह पेपर लेने निकले हॉकर से लूट, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार
शत-प्रतिशत माल बरामद, मुख्य आरोपी पर गुंडा फाइल व जिलाबदर की तैयारी
कुरूद/ कुरूद थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह पेपर हॉकर से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित दोनों मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अनमोल साहू (19 वर्ष) निवासी ग्राम गाड़ाडिह, थाना कुरूद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 जनवरी 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे, वह ऐडवेंचर स्कूल कुरूद के पास पेपर लेने जा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोककर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और डंडे से मारपीट कर उसके पास से Redmi 8A व POCO C71 मोबाइल फोन तथा 2 हजार रुपए नगद लूट लिए।
लूट के दौरान संघर्ष में दो आरोपियों के चेहरे से कपड़ा हट गया, जिनमें से एक की पहचान गौरव यादव उर्फ बंठा निवासी कुरूद के रूप में हुई।
त्वरित कार्रवाई में आरोपी दबोचे गए
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुरूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध गौरव यादव उर्फ बंठा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मेमोरेंडम कथन पर घटना में शामिल अन्य दो आरोपी जीत भारती निवासी चरमुडिया एवं लीला राम ध्रुव निवासी गोडपारा कुरूद को भी गिरफ्तार किया गया।
कार्यपालन दंडाधिकारी के समक्ष कराई गई पहचान परेड में पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान की।

लूट का पूरा माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
-
Honda Lio मोटरसाइकिल (CG 05 AS 9336)
-
Redmi 8A एवं POCO C71 मोबाइल फोन
-
1500 रुपए नगद
शत-प्रतिशत बरामद कर विधिवत जप्त किया।
तीनों आरोपियों को अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 126(2), 309(4) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुख्य आरोपी पर गुंडा फाइल व जिलाबदर की तैयारी
मुख्य आरोपी गौरव यादव उर्फ बंठा का थाना कुरूद में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, गृहभेदन, मारपीट, आपराधिक धमकी और आर्म्स एक्ट सहित 12 से अधिक अपराध दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा आरोपी की गुंडा फाइल खोलने एवं जिलाबदर प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
-
गौरव उर्फ बंठा यादव (20) – निवासी इंदिरा नगर, कुरूद
-
जीत भारती (21) – निवासी सतनामी पारा, चरमुडिया
-
लीला राम ध्रुव (24) – निवासी गोडपारा, कुरूद
