लोकभवन में प्रतिभा सम्मान समारोह, टॉपर्स को मेडल, प्रमाण पत्र और 1.5 लाख की प्रोत्साहन राशि
रायपुर/ लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2024 व 2025 के टॉप 10 मेधावी तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजन हुआ। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विशेष अतिथि रहे।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत आयोजित इस समारोह में कुल 239 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें वर्ष 2024 के 110 और वर्ष 2025 के 129 विद्यार्थी शामिल हैं। हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को सिल्वर मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा प्रत्येक विद्यार्थी को 1.5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खाते में दी गई।

राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन के लक्ष्य की ओर बढ़ने की पहली सीढ़ी है। यह सफलता आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। विद्यार्थियों को मौलिकता, नवाचार और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विद्यार्थी देश और प्रदेश का भविष्य हैं। उनकी सफलता के पीछे माता-पिता और शिक्षकों का आशीर्वाद है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां सरस्वती का आशीर्वाद सदैव बना रहे।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि इस योजना से विद्यार्थियों का शिक्षा के प्रति रुझान बढ़ेगा और अन्य छात्र भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष रेणु जी. पिल्ले ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव पुष्पा साहू ने किया। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, आशाराम नेताम, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
