एंटी पोचिंग टीम की कार्रवाई, गरियाबंद पुलिस की मदद से पकड़ाए आरोपी, एक 2017 में भी जा चुका है जेल
धमतरी/ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में अखिल भारतीय बाघ गणना 2026 के दौरान एंटी पोचिंग टीम ने अवैध शिकार की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए भरमार बंदूक के साथ 3 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से जंगली सुअर का मांस, भालू का पंजा और शिकार में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त की गई है।
परिक्षेत्र दक्षिण उदंती (कोर) के नागेश बीट में 15 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे परिसर रक्षी ने 6 लोगों को भरमार बंदूक लेकर संदिग्ध रूप से घूमते देखा। सूचना पर मौके पर पहुंची एंटी पोचिंग टीम ने घेराबंदी कर राजमन पिता कन्हैया यादव को पकड़ा। पूछताछ में अन्य आरोपियों गुप्ताराम पिता फरराराम और भादुराम पिता बीकोराम सहित कुल 6 लोगों के अवैध शिकार में शामिल होने की जानकारी मिली।

20 जनवरी को आरोपी गुप्ताराम को भूतबेड़ा बाजार से गिरफ्तार कर ग्राम टांगापानी स्थित उसके घर की तलाशी ली गई। यहां से 1 भरमार बंदूक, 3.100 किलो जंगली सुअर का कच्चा मांस, भालू का पंजा, भरमार बंदूक बनाने का कलपुर्जा, लोहे के छर्रे, कुल्हाड़ी, हंसिया समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। वहीं आरोपी भादुराम के घर से खरगोश फंदा, क्लच वायर फंदा और चाकू जब्त किया गया।
वन विभाग के अनुसार आरोपियों ने उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अनाधिकृत प्रवेश कर वन्यप्राणियों के अवैध शिकार का प्रयास किया था। इस संबंध में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 34(3), 50 और 51 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
बताया गया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक वर्ष 2017 में भी शिकार के मामले में जेल जा चुका है। कार्रवाई में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम के साथ गरियाबंद पुलिस की अहम भूमिका रही।
