दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, 7 हजार से अधिक की शराब व सामान जब्त
धमतरी/ एसपी धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी, अंग्रेजी शराब, बीयर व अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पहला मामला:
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पोस्ट ऑफिस वार्ड, धमतरी में दबिश देकर आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर अवैध शराब परिवहन करते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के पास से 11 नग देशी प्लेन शराब, 21 नग देशी मसाला शराब व एक रेंजर साइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4,480 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी श्रीराम ध्रुव (39) निवासी मकेश्वर वार्ड के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दूसरा मामला:
सिहावा रोड स्थित गोलू ढाबा के पास पुलिस ने एक अन्य आरोपी को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 4 बोतल बीयर और 7 पौवा अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत 2,530 रुपए है।
इस मामले में आरोपी कौशलराव रणसिंह (52) निवासी मराठा पारा के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब व नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
