मुंगेली/ जिले में आयोजित अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने आए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उद्बोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवाओं के आवास एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था ॐ लक्ष्मी फाउंडेशन के संचालक वेदप्रकाश साहू एवं डिफेंस एकेडमी के संचालक लोकेश साहू द्वारा की गई। इस अवसर पर हिन्दू जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
अपने उद्बोधन में समाजसेवी दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और सेवा करने का अवसर मिलना परम सौभाग्य की बात है। अग्निवीर भर्ती को केवल रोजगार का साधन न मानते हुए इसे राष्ट्र सेवा का अभियान समझना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सफलता–असफलता से परे अपनी पूरी ऊर्जा, सामर्थ्य और अंतरात्मा के साथ इस अभियान में सहभागी बनें।
उन्होंने कहा कि आज देश बाहरी और आंतरिक दोनों प्रकार की चुनौतियों से घिरा हुआ है। ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे न केवल सीमा पर बल्कि देश के भीतर भी नशा, अवैध तस्करी, धर्मांतरण, डेमोग्राफिकल परिवर्तन, अवैध भू-अधिग्रहण और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध मजबूत ढाल बनें। साथ ही नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और संवेदनशील क्षेत्रों के अध्ययन में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

ठाकुर ने कहा कि भारत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रपुरुष है, जिसने हिमालय को मुकुट और सागर को चरणों में धारण किया है तथा पूरी दुनिया को “वसुधैव कुटुंबकम्” का संदेश देता है। इसकी रक्षा के लिए तन, मन और धन का समर्पण भी सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में मुंगेली, बिलासपुर, रायपुर, बलौदा बाजार, बालोद, कांकेर, दुर्ग, भिलाई एवं राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों के युवा शामिल हुए। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में वेदप्रकाश साहू, लोकेश साहू, ओमेश, प्रेमकुमार, विकास राठी, अभिषेक शर्मा, सोहन, पुखराज, दुष्यंत, अतुल सहित अनेक युवाओं का योगदान रहा।
