नगरी/ पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों के तहत नगरी पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसियां में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को यातायात एवं सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा सायबर ठगी व सायबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
थाना प्रभारी नगरी ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों से अवगत कराते हुए हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
नशा मुक्ति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि नशीले पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य दोनों को बर्बाद कर देते हैं। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

सायबर अपराध के विषय में जानकारी देते हुए बताया गया कि अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करना खतरनाक हो सकता है। फर्जी लॉटरी और इनाम संदेशों से सावधान रहने तथा सायबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर या सायबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। शिक्षकों व विद्यार्थियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। धमतरी पुलिस द्वारा आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
