एसपी के निर्देश पर एएसपी ने ली बैठक, फिटनेस व दस्तावेज अनिवार्य
धमतरी/ जिले में संचालित निजी एंबुलेंस सेवाओं को सुरक्षित व नियमों के अनुरूप चलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा निजी एंबुलेंस संचालकों एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में एंबुलेंस संचालन को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
एएसपी ने स्पष्ट कहा कि बिना फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध दस्तावेज, बीमा, परमिट, प्रशिक्षित चालक तथा निर्धारित मेडिकल उपकरणों के किसी भी एंबुलेंस का संचालन नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि एंबुलेंस एक आपातकालीन सेवा है, जिसका सीधा संबंध मरीज के जीवन से होता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने एंबुलेंस पंजीयन, फिटनेस, आवश्यक उपकरण, सायरन एवं समय-समय पर जांच कराने की जानकारी दी।
बैठक में शराब सेवन कर वाहन चलाने पर भी सख्त चेतावनी दी गई। एएसपी ने कहा कि यदि कोई एंबुलेंस चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही एंबुलेंस संचालक की भी जवाबदेही तय होगी।
पुलिस व परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से कहा कि आम नागरिकों व मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी एंबुलेंस सेवाओं का नियमों के तहत संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, आरटीओ निरीक्षक कुंजाम, यातायात प्रभारी उनि. के.आर. साहू सहित जिले के निजी एंबुलेंस संचालक व चालक उपस्थित रहे।
