धमतरी/ ग्राम सांकरा में सार्वजनिक स्थान पर सट्टा पट्टी जुआ संचालित कर रहे एक आरोपी को सिहावा पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा से जुड़ी सामग्री व 1500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सांकरा स्थित नंदी चौक सुखा तालाब, शिव मंदिर के सामने अनिल साहू नामक व्यक्ति खुलेआम लोगों से पैसे लेकर सट्टा पट्टी जुआ खिला रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अंक लिखी सट्टा पट्टी, एक डॉट पेन और सट्टा की नगद रकम 1500 रुपए बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी अनिल साहू (42) निवासी गांधी चौक, सांकरा के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 05/2026 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
