महापौर बोले— संस्कार, संस्कृति और विकास हमारी प्राथमिकता
धमतरी/ जालमपुर बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय कथा वाचिका बाल विदुषी देवी भूमिका जी महाराज ने व्यास पीठ से सुखदेव स्वरूप में भावपूर्ण श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया। कथा स्थल श्रद्धा, भक्ति और हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर महापौर रामू रोहरा नगर निगम की टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद संजय देवांगन, एमआईसी सदस्य पिंटू यादव, पार्षद कुलेश सोनी, संतोष सोनकर एवं ईश्वर सोनकर की उपस्थिति ने नगर निगम नेतृत्व की एकजुटता का संदेश दिया।
व्यास पीठ से आशीर्वाद प्राप्त कर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि
“हमारी राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने की है। संस्कारों की नींव पर खड़ा विकास ही टिकाऊ होता है।”

उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग धर्म और संस्कृति को राजनीति से अलग दिखाने का प्रयास करते हैं, लेकिन वास्तव में यही समाज की आत्मा है।
“धमतरी को हम ऐसा शहर बनाएंगे जहाँ विकास के साथ सनातन संस्कार भी सुरक्षित रहें।”
महापौर ने युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जब समाज को भ्रमित करने के प्रयास हो रहे हैं, ऐसे में देवी भूमिका जी महाराज जैसी युवा विदुषी समाज को सही दिशा दे रही हैं। नगर निगम इस प्रकार के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को हरसंभव सहयोग देता रहेगा।
कथा स्थल पर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के उद्घोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
