एशिया बॉल बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में नरेंद्र कुमार ने जीता स्वर्ण पदक
महापौर रामू रोहरा ने किया सम्मान, कहा– जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा
धमतरी/ धमतरी जिले के ग्राम परखंदा निवासी होनहार खिलाड़ी नरेंद्र कुमार ने एशिया बॉल बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
नरेंद्र बचपन से ही खेल के प्रति समर्पित रहे हैं। उन्होंने कुरुद ब्लॉक में नियमित अभ्यास करते हुए अपने खेल को निखारा। वर्ष 2014-15 में कक्षा 8वीं के दौरान पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अब तक 10 राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
एशिया बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ से केवल दो बालक और एक बालिका का चयन हुआ था, जिसमें नरेंद्र कुमार का चयन जिले के लिए गौरव की बात रही। उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद नरेंद्र कुमार ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान महापौर ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि नरेंद्र की यह सफलता धमतरी जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जिले की प्रतिभाएं आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं, जो गर्व का विषय है।
महापौर ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नगर निगम स्तर पर खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर नरेंद्र के कोच गोपाल साहू, खेल शिक्षक खिलेन्द्र साहू, चेतन साहू एवं गजेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे और सभी ने उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
