मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में बड़ी घोषणा की है. राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के हित में सरकार द्वारा बड़ा निर्णय लिया गया है. सीएम साय ने घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र के समान ही राज्य के कर्मचारियों को अब भत्ता मिलेगा.
सीएम ने कहा कि राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ता बढ़ाकर केंद्र के समान करने की घोषणा करते हैं. इस भत्ते में अब सरकार ने बढ़ोतरी करते हुए इसको 55% से बढ़कर 58% कर दिया है. जो अब से कर्मचारियों को बढ़कर मिलेगा.
सीएम ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
सीएम विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी. उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि आज राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में प्रदेश के कर्मचारियों के हित में मंहगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की.
केंद्र सरकार के समान लाभ सुनिश्चित करते हुए राज्य के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को वास्तविक राहत मिलेगी. छत्तीसगढ़ के अधिकारी-कर्मचारी हमारी शासन व्यवस्था की रीढ़ हैं. उनकी ईमानदारी, समर्पण और सेवा-भावना ही सुशासन की असली ताकत है, और उनके सम्मान व कल्याण के लिए हमारी सरकार हर कदम पर प्रतिबद्ध है.

इस फैसले पर क्या बोले सीएम विष्णु देव साय
राजधानी रायपुर में अष्टम प्रदेश अधिवेशन का रविवार (11 जनवरी) को आयोजन हुआ. कर्मचारियों का भत्ता बढ़ाने को लेकर उन्होंने कहा कि राज कर्मचारी संघ की कई मांगे थी. इस बीच केंद्र के समान उनका डीए बढ़ाने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि बाकी मांगों के लिए कमेटी का गठन करेंगे. साथ ही कर्मचारी संघ से चर्चा करके उनकी करीब-करीब मांगे जो उचित हैं. सबको सरकार पूरा करने का काम करेगी.
