बस स्टैंड व मंडी क्षेत्रों में सैकड़ों वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण
धमतरी/ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत धमतरी पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में यातायात शाखा द्वारा स्कूल, कॉलेज, गांव, बाजार और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर आम नागरिकों व वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बस स्टैंड में नेत्र परीक्षण शिविर
अभियान के तहत बस स्टैंड परिसर में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 65 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई। शिविर के दौरान दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर वाहन चालकों को समय पर उपचार एवं सावधानी बरतने की सलाह दी गई, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
स्कूल–कॉलेज व ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचा संदेश
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान यातायात पुलिस द्वारा स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर विद्यार्थियों व आम नागरिकों को
-
हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग
-
तेज गति से वाहन न चलाने
-
गलत दिशा में वाहन न चलाने
-
नशे की हालत में वाहन न चलाने
जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई
अभियान के दूसरे दिन शहर में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं स्कूली बच्चों ने यातायात नियमों एवं नशा मुक्ति के संदेश लिखी तख्तियां लेकर रैली निकाली, जिससे सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुँचा।
श्याम तराई मंडी में 108 चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण
अभियान के तीसरे दिन श्याम तराई मंडी के पास 108 वाहन चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में आंखों की जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया।
जन सहभागिता से सड़क सुरक्षा का संकल्प
यातायात पुलिस का यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास है। पुलिस ने संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा है।
उपस्थित रहे:
बस स्टैंड में आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डॉ. भूपेंद्र साहू, अन्य डॉक्टरों की टीम, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक के.आर. साहू सहित यातायात स्टाफ मौजूद रहा।
