10 से 24 जनवरी तक धमतरी में होगी रैली, 8,999 अभ्यर्थी लेंगे भाग
धमतरी/ जिला प्रशासन एवं आर्मी भर्ती रैली संचालन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आर्मी भर्ती रैली का आयोजन 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमा तालाब, धमतरी में किया जाएगा। रैली में छत्तीसगढ़ राज्य भर से कुल 8,999 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
भर्ती रैली के दौरान सामान्य अग्निवीर एवं तकनीकी अग्निवीर पदों के लिए अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण एवं चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत रैन बसेरा (जिला अस्पताल परिसर), सोनकर भवन रामबाग, राखेचा भवन तथा साल्हेवार पारा धमतरी में आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिला प्रशासन एवं आर्मी भर्ती रैली के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड में अंकित तिथि एवं समय के अनुसार निर्धारित स्थल पर समय पर उपस्थित हों तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
