नगरी/ कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में नगरी विकासखंड में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने हेतु 35 प्रतिशत तक अनुदान (सब्सिडी) की जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र धमतरी के विषय विशेषज्ञ डॉ. अमित सिन्हा ने खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षित खाद्य निर्माण प्रक्रिया तथा एफएसएसएआई के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं साइंटिस्ट प्रेमलाल ने फूड सेफ्टी से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के डीआरपी डॉ. संदीप मेश्राम ने पीएमएफएमई योजना की पात्रता, अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया, परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), बैंक लिंकेज एवं आवेदन प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।
जनपद पंचायत नगरी के सीईओ रोहित बोर्झा ने कहा कि पीएमएफएमई योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोज़गार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की एक सशक्त योजना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एवं आर्थिक सशक्तिकरण संभव होगा।
कार्यशाला में एनआरएलएम से टिकेश्वर ध्रुव, प्रभु ध्रुव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
