आरएसएस शताब्दी वर्ष के तहत रिसाईपारा में हुआ हिंदू सम्मेलन
धमतरी/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष के अवसर पर समाज निर्माण की दिशा में निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत रविवार को रिसाईपारा बस्ती, धमतरी नगर में सर्व हिंदू समाज द्वारा हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हिंदू जागरण मंच प्रांत युवा आयाम के दीपक सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पंच परिवर्तन की विचारधारा से देश विश्वगुरु के शिखर पर पहुंचेगा। पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन का कार्य ही राष्ट्रधर्म और युगधर्म है।
दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि संघ की स्थापना का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना तथा प्रत्येक नागरिक के हृदय में हिंदुत्व की विचारधारा का अंकुरण करना है। पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्य बोध को अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि जाति, ऊंच-नीच, स्पृश्य-अस्पृश्य जैसे भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में बांधना होगा। वहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए जीवनशैली में व्यक्तिगत, पारिवारिक और राष्ट्रीय दृष्टिकोण को शामिल करने की बात कही।

कुटुंब प्रबोधन के विषय में उन्होंने कहा कि हिंदू परिवारों में हिंदू विचार, जीवनशैली, मधुर संवाद, मातृशक्ति का सम्मान और पारिवारिक मूल्यों का संरक्षण आवश्यक है। स्व आधारित जीवन के माध्यम से स्वभाषा, स्वभूषा, स्वसंस्कृति, आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान को बढ़ावा देना होगा।
नागरिक कर्तव्य बोध पर बोलते हुए उन्होंने संविधान के मूल्यों के पालन, लोकतांत्रिक कर्तव्यों, मतदान, यातायात नियमों के पालन और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा पर जोर दिया।
सम्मेलन में वार्ड पार्षद मदन नेवरे, रूपचंद नागवानी, लक्ष्मण गौतम, अमरदीप महाजन, विजय ठाकुर, सागर निर्मलकर, रूपेश निर्मलकर, रूपा निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
