पेड़ से टकराकर रुकी बस, CCTV में कैद हादसा; यात्री सुरक्षित
धमतरी/ जिले के बॉर्डर क्षेत्र में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पुरुर से धमतरी की ओर आ रही दादा ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसी। हादसे में साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति में थी और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। नियंत्रण खोने के बाद बस सीधे ढाबे की ओर मुड़ गई। ढाबे परिसर में मौजूद एक पेड़ से बस की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बस वहीं रुक गई। अगर पेड़ नहीं होता तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

हादसे में साइकिल सवार महेंद्र रावटे, निवासी हाटकेश्वर वार्ड, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
