बिक्री को बताया सामान्य, नववर्ष पर नहीं दिखा ज्यादा हुड़दंग
गोल्डी खान | धमतरी।शाम ढलते ही शराब के शौकीनों की तादाद अचानक बढ़ जाती है। शहर से लेकर गली-मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों तक इसके चाहने वाले नजर आते हैं। यही वजह है कि अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग के साथ पुलिस विभाग भी लगातार मुस्तैद रहता है। जिले में रोजाना शराब पीने-पिलाने से जुड़े चार-पांच मामले दर्ज होना आम बात है।
नववर्ष के मौके पर शराब की खपत को लेकर आबकारी विभाग ने आंकड़े जारी किए हैं। विभाग के अनुसार नववर्ष के सिर्फ एक दिन में जिलेभर में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की शराब की बिक्री हुई। हालांकि, विभाग इसे कोई असामान्य बिक्री नहीं मान रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विभिन्न त्योहारों और खास अवसरों पर इतनी बिक्री अक्सर हो ही जाती है।

हुड़दंग कम, प्रशासन ने ली राहत की सांस
आबकारी विभाग का यह भी मानना है कि नववर्ष पर अपेक्षाकृत कम शराब बिकने का असर जश्न पर भी देखने को मिला। जिलेभर से ज्यादा हुड़दंग, मारपीट या बड़े विवाद की खबरें सामने नहीं आईं। इसे प्रशासन के लिए राहत की बात माना जा रहा है।
नशे से बिगड़ते हालात से सभी वाकिफ
हालांकि, यह भी सच है कि नशे के चलते जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति किस तरह प्रभावित होती है, यह किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में नववर्ष पर कम अव्यवस्था और सीमित घटनाओं को सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
