धमतरी/ मरने के बाद शरीर किसी के काम आए यही सोच कर मराठापारा के दो लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर देहदान के लिए फॉर्म भरा। मराठापारा निवासी मनीष राव पवार 54 वर्ष और संजय कुमार गायकवाड 73 वर्ष रिश्तेदारी में भाई लगते हैं। दोनों ने यह विचार किया कि देहदान किया जाए। यही सोच कर वे शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे और फॉर्म भरा। मीडिया से चर्चा करते हुए मनीष और संजय ने बताया कि मारने के बाद यह शरीर राख हो जाता है जो किसी के काम नहीं आता। लेकिन यदि किसी के काम आ जाए तो यह बहुत बड़ी बात होगी। यह विचार आने पर दोनों ने देह दान की घोषणा की, साथ ही साथ नेत्रदान भी करेंगे। दोनों ने बताया कि उनके निर्णय पर उनकी पत्नियों की सहमति भी है।

