धमतरी/ नववर्ष 2026 के स्वागत में जिला प्रशासन और जिला पर्यटन समिति धमतरी की ओर से गंगरेल बांध परिसर में चार दिवसीय “न्यू ईयर फेस्ट” का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। यह आयोजन 1 से 4 जनवरी तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। पहले ही दिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग गंगरेल पहुंचे।
नववर्ष के पहले दिन गंगरेल बांध परिसर पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। धमतरी सहित आसपास के जिलों से आए सैलानी हिंदी फिल्मी गीतों और छत्तीसगढ़ी लोकधुन “महुआ झरे” पर झूमते दिखे। बच्चों, युवाओं और परिवार के साथ पहुंचे पर्यटकों ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

पर्यटकों ने की व्यवस्थाओं की सराहना
भिलाई से आए तुषार और भूमिका राजपूत ने बताया कि आयोजन पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मनोरंजक है। रायपुर, दुर्ग और कांकेर से आए सैलानियों ने भी गंगरेल की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास
आयोजन का उद्देश्य गंगरेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना, स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना और क्षेत्रीय संस्कृति को मंच प्रदान करना है। फेस्ट में लाइव डीजे, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड स्टॉल, मनोरंजन गतिविधियां और बोनफायर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
प्रतिभागियों के लिए उपहार, ट्रॉफी, विशेष पुरस्कार और सरप्राइज रिवॉर्ड की भी व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अधिक संख्या में शामिल होकर उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।
