पिछले साल सड़क हादसों में 19% और मौतों में 6% की कमी, इस वर्ष और कमी लाने के निर्देश
धमतरी/ सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कलेक्टर धमतरी और पुलिस अधीक्षक धमतरी ने मंगलवार को धमतरी–भखारा रोड पर स्थित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम देमार, पिपरछेड़ी, कोलियारी, सेमरा और सिहाद के मार्गों का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण में SDOP, संबंधित थाना प्रभारी, तहसीलदार, यातायात प्रभारी, लोक निर्माण विभाग (PWD), परिवहन विभाग और राजस्व अमला भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर सड़क की बनावट, मोड़ों की स्थिति, यातायात दबाव, सड़क की चौड़ाई, दृश्यता, प्रकाश व्यवस्था, साइन बोर्ड और पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण किया।
सुधार कार्यों को लेकर सख्त निर्देश
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ीकरण, रिफ्लेक्टर और रोड सेफ्टी मार्किंग, चेतावनी व सूचना बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने तेज रफ्तार और भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के साथ ही स्कूल, हाट-बाज़ार और आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा गया।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश
कलेक्टर ने कहा, “प्रत्येक जीवन अनमोल है। ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
वहीं एसपी ने कहा, “यातायात प्रबंधन, जनजागरूकता और सख्त निगरानी के जरिए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना हमारा साझा लक्ष्य है।”
जनता से अपील
जिला प्रशासन और धमतरी पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग न करने, हेलमेट व सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से पहनने और सड़क पर किसी भी खतरे की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है।
