स्विट्जरलैंड के मशहूर शहर क्रांस-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में हुए विस्फोट और आग से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
वालेस कैंटन पुलिस के अनुसार, न्यू ईयर ईव सेलिब्रेशन के दौरान क्रांस-मोंटाना के ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ (Le Constellation) नाम के बार में एक या एक से ज्यादा धमाके हुए, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई. यह आग रात करीब 1:30 बजे भड़की. उस समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.

पुलिस प्रवक्ता ने जारी किया बयान
पुलिस प्रवक्ता गेटन लाथियन ने एएफपी से बातचीत में बताया कि विस्फोट का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. उन्होंने कहा कि इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे. कई एंबुलेंस तैनात की गईं, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई. आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की.
