धमतरी पुलिस की सुदृढ़ विवेचना का असर, एसपी ने विवेचक को किया सम्मानित
धमतरी/ नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में न्यायालय ने आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। यह निर्णय एसपी धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर की गई धमतरी पुलिस की सुदृढ़, संवेदनशील एवं प्रभावी विवेचना का परिणाम है।
मामला दिनांक 26 जून 2024 को करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र अंतर्गत थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 150/24 धारा 363, 366, 376(2)(ढ) भादवि एवं धारा 04, 06 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। तत्कालीन चौकी प्रभारी करेलीबड़ी उप निरीक्षक अजय सिंह द्वारा गंभीरता से विवेचना करते हुए पुख्ता साक्ष्य, तकनीकी प्रमाण एवं ठोस तथ्यों के आधार पर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

प्रकरण की सुनवाई के उपरांत माननीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) धमतरी द्वारा आरोपी शिवकुमार उर्फ शिवा यादव, पिता त्रिलोक कुमार यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी बोरियाखुर्द, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर को 20 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 5 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया। यह फैसला नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर कड़ी न्यायिक कार्यवाही का सशक्त संदेश देता है।
उत्कृष्ट विवेचना एवं सफल कार्यवाही के लिए एसपी धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने विवेचक उप निरीक्षक अजय सिंह को सेवा पुस्तिका में प्रशंसा प्रविष्टि के साथ 500 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे बेहतर पुलिसिंग एवं न्याय व्यवस्था को मजबूती मिले।
