महापौर ने हाईटेक सार्वजनिक शौचालय किया लोकार्पित, व्यापारियों व खरीदारों को मिलेगी राहत
धमतरी/ शहर के सबसे व्यस्त गोल बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सार्वजनिक शौचालय की समस्या का समाधान हो गया है। सराय स्कूल परिसर में निर्मित सर्वसुविधायुक्त हाईटेक शौचालय का महापौर रामू रोहरा ने लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। यह शौचालय नगर निगम लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी के प्रयासों से संभव हो सका।
लोकार्पण के दौरान महापौर ने कहा कि शास्त्री चौक से रामबाग के बीच यह स्थान अत्यंत भीड़भाड़ वाला है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों व्यापारी व खरीदार आते हैं। यहां शौचालय की कमी से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। हाईटेक शौचालय का निर्माण जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में आवश्यकता अनुसार इसके विस्तार की भी योजना है।

सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम शहर के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का सही उपयोग कर उन्हें सुरक्षित रखने की अपील की।
इस अवसर पर निगम के जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
