महापौर रामू रोहरा ने किया शुभारंभ, चार साहेबज़ादों के बलिदान को बताया प्रेरणास्रोत
धमतरी/ वीर बाल दिवस के अवसर पर बीसीएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी में जिला शिक्षा विभाग एवं माता साहेब देवा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में निबंध, पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का विषय “चार साहेबज़ादे” रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि चार साहेबज़ादों का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जो साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना के विकास का सशक्त माध्यम है।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने चार साहेबज़ादों के शौर्य और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। निबंध प्रतियोगिता में ऐतिहासिक तथ्यों के साथ भावनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली, वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में रचनात्मकता और सशक्त संदेश उभरकर सामने आए। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में लक्ष्मण राव मगर मुखर वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.के. पाठक, माता साहेब देवा कमेटी के पदाधिकारी, पार्षद शुभम जायसवाल, अज्जू देशलहरे, अविनाश दुबे, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ हुआ।
