ग्राम सुरक्षा मजबूत करने सिहावा थाना में कोटवारों की बैठक, मुसाफिर व किरायेदार पंजी अनिवार्य
धमतरी | जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में सिहावा थाना क्षेत्र के सभी कोटवारों की बैठक थाना परिसर में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन दिनांक 24 दिसंबर 2025 को पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी मुसाफिर पंजी संधारण संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन में किया गया।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी सिहावा ने कोटवारों को ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्हें गांव में बाहर से आने वाले व्यक्तियों (मुसाफिरों) का पूरा विवरण मुसाफिर पंजी में दर्ज करने तथा समय-समय पर यह जानकारी थाना को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही गांव में नए किरायेदारों की समस्त जानकारी अनिवार्य रूप से पुलिस को देने, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की स्थिति में तुरंत थाना को सूचना देने पर विशेष जोर दिया गया।

थाना प्रभारी ने कोटवारों से कहा कि, “ग्राम स्तर पर सक्रिय निगरानी और समय पर सूचना देना अपराध नियंत्रण की सबसे मजबूत कड़ी है। कोटवार ग्राम समाज और पुलिस के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं।”
बैठक में सामुदायिक एवं सहभागी पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया। अंत में सभी कोटवारों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे नियमित रूप से कोटवारों की बैठक आयोजित कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों तथा मुसाफिर एवं किरायेदार पंजी संधारण संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं।
