ग्रामीणों ने नगर निगम पहुंचकर महापौर रामू रोहरा का जताया आभार
धमतरी/ बागतराई मार्ग की 2.80 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की स्वीकृति मिलने पर ग्राम बागतराई के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए ग्रामवासियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर रामू रोहरा को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इससे किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों का संतुलित विकास नगर निगम की प्राथमिकता है। आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम में सरपंच अनिता भुनेश्वर साहू, उपसरपंच सियाराम साहू सहित पंचगण प्रमित नेताम, बसंती बाई, नैनी बाई सेन, कामिनी गंजीर, भारती राणा, दामिन बाई, कमलेश्वरी कुंजाम, प्रतिमा साहू, योगेन्द्र साहू, जागेश्वरी साहू, विनय साहू, सतीश साहू एवं सोमनाथ साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
