महापौर रामू रोहरा बोले– मैदान में पसीना बहाने वाले युवा ही बनेंगे कल के नेतृत्वकर्ता
धमतरी/ सांसद खेल महोत्सव के तहत विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ बुधवार को नगर निगम महापौर रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जनपद अध्यक्ष अंगीरा ध्रव, नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन एवं पार्षद चंद्रभागा साहू द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। खेल परिसर में खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नए भारत और मजबूत छत्तीसगढ़ के निर्माण की नींव है। उन्होंने कहा कि आज जो युवा मैदान में मेहनत कर रहे हैं, वही कल समाज, प्रदेश और देश का नेतृत्व करेंगे। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना पैदा करता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को एक समान मंच प्रदान करते हैं। सरकार की मंशा है कि धमतरी का हर युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और अवसर सृजित करने वाला बने।
नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि खेल महोत्सव युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है और उनकी छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम है।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। आयोजन समिति द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं से प्रतियोगिताएं सुचारू रूप से संपन्न हुईं। समापन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
