धमतरी/ शहर के अमलतास पुरम कॉलोनी निवासी कारोबारी शिव अग्रवाल से आइसक्रीम की डीलरशिप दिलाने के नाम पर करीब 19.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को नेचुरल आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा बताते हुए अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर यह रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली।
पीड़ित कारोबारी के अनुसार उन्होंने करीब दो साल पहले कंपनी को डीलरशिप के लिए ई-मेल किया था, लेकिन उस समय कोई जवाब नहीं मिला। 9 दिसंबर 2025 को अचानक एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने डीलरशिप देने की बात कही। इसके बाद 10 से 15 दिसंबर के बीच विभिन्न शुल्क बताकर करीब 19 लाख 50 हजार रुपए जमा करा लिए गए।

जब आरोपी ने और पैसों की मांग शुरू की तो कारोबारी को ठगी का शक हुआ। बैंक में जांच कराने पर पता चला कि जिस खाते में पैसे भेजे गए, वह किसी अन्य नाम से दर्ज है। इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
ASP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि यह मामला साइबर फ्रॉड का है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
