धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
धमतरी/ रत्नाबांधा रोड स्थित एक डॉक्टर के घर फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर छापेमारी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का धमतरी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने नागपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद और दल्लीराजहरा से 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसपी धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने सायबर तकनीकी विश्लेषण और सतत पतासाजी के बाद यह बड़ी कार्रवाई की। आरोपियों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर बिना पहचान पत्र और वारंट के 17 नवंबर 2025 को डॉक्टर दिलीप राठौर के घर में जबरन प्रवेश किया था। करीब ढाई घंटे तक घर की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगने पर आरोपी दो कारों में फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें घर में 200 करोड़ रुपए होने की झूठी सूचना मिली थी, जिसके आधार पर फर्जी आईटी टीम बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकदी ले जाने के लिए रखी जूट की बोरी जब्त की है। पीड़ित द्वारा आरोपियों की पहचान भी की गई है।
पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान पहचान पत्र और वैध वारंट की अनिवार्य जांच करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
