धमतरी/ शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर एआई-सक्षम हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे 24×7 निगरानी करते हुए बिना हेलमेट, गाड़ी की फिटनेस, बीमा-पॉल्यूशन पेपर की कमी, गलत नंबर प्लेट सहित हर तरह के ट्रैफिक उल्लंघन को ऑटोमैटिक डिटेक्ट करेंगे।
कैमरों से मिलने वाले डेटा के आधार पर वाहनों के खिलाफ स्वचालित ऑनलाइन चालान जारी होंगे।
जिला परिवहन अधिकारी मुजाहिद खान ने कहा— “तकनीक से ट्रैफिक अनुशासन मजबूत होगा और सड़क सुरक्षा बढ़ेगी।”
अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी कागजात समय पर रखकर चलें।

6 रेडिएंट वॉर्मर दिए : आईडीबीआई बैंक का CSR में बड़ा योगदान, नवजातों की देखभाल को मिलेगी नई मजबूती
धमतरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के तहत आईडीबीआई बैंक ने जिला अस्पताल को 6 अत्याधुनिक रेडिएंट वॉर्मर मशीनें प्रदान कीं। कार्यक्रम में कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने रिबन काटकर इन मशीनों का शुभारंभ किया।
इस दौरान बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सरबजीत सिंह, शाखा प्रबंधक दीपक सिंह, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. आदित्य सिन्हा सहित चिकित्सक मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि ये मशीनें जिले में नवजात देखभाल की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जरूरत के अनुसार विकासखंड स्तर पर भी वॉर्मर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ मिले।
डॉ. आदित्य सिन्हा ने बताया कि रेडिएंट वॉर्मर एनआईसीयू, डिलीवरी रूम और पीडियाट्रिक वार्डों में नवजातों को नियंत्रित तापमान देने वाला जरूरी जीवनरक्षक उपकरण है, जो हाइपोथर्मिया, लो शुगर और सांस की दिक्कत जैसी स्थितियों में मदद करता है।
कलेक्टर ने आईडीबीआई बैंक का आभार जताते हुए इसे महत्वपूर्ण सामाजिक सरोकार बताया। इस पहल से जिला अस्पताल की नवजात इकाई को बड़ी तकनीकी मजबूती मिली है।
