धमतरी/26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर धमतरी कलेक्टोरेट में आज एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत के संविधान को 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में हर वर्ष इस दिन संविधान दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत के संविधान की शपथ दिलाई। शपथ का सामूहिक वाचन करते हुए सभी ने देश को सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने का संकल्प दोहराया।

शपथ में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय स्थापित करने, विचार–अभिव्यक्ति–विश्वास–धर्म–उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने, तथा सभी नागरिकों को प्रतिष्ठा और अवसर की समता दिलाने का संकल्प शामिल था। इसके साथ ही व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाली बंधुता बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।
कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।
