सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई—किशोर को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय बोर्ड के समक्ष किया प्रस्तुत
धमतरी/ मामूली विवाद के दौरान एक मजदूर पर लोहे के हसिया से जानलेवा हमला करने वाले विधि से संघर्षरत बालक को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में पुलिस टीम ने सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी किशोर को पकड़ा।
क्या है पूरा मामला
12 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 2:15 बजे प्रार्थी आशुतोष यादव उर्फ आशीष यादव, जो श्यामतराई सब्जी मंडी में मजदूरी करता है, काम से घर लौट रहा था।
जैसे ही वह बासपारा सुलभ शौचालय के पास पहुँचा, तभी एक विधि से संघर्षरत बालक ने उसे रोक लिया और पूछा कि वह उत्तम निर्मलकर (सब्जी ठेला वाला) से मजदूरी का पैसा क्यों मांग रहा है।
कहासुनी बढ़ने पर किशोर ने पहले गाली-गलौज की और फिर कमर में छिपाकर रखे लोहे के हसिया से हमला कर दिया।
हमले में मजदूर के सिर, पीठ, बाएँ हाथ की कोहनी पर चोटें आईं और दाएँ अंगूठे पर गहरा कटाव हो गया। वारदात के बाद आरोपी बालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 306/2025, धारा 296, 118(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर सूचना व तकनीकी इनपुट के आधार पर फरार किशोर का पता लगाया गया। पुलिस टीम ने उसे अभिरक्षा में लेकर संवेदना कक्ष के माध्यम से आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाई।
किशोर की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उसे किशोर न्यायालय बोर्ड, धमतरी के समक्ष न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया है।
