नागरिकों की शिकायतों का होगा त्वरित समाधान — रामू रोहरा
धमतरी/ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए धमतरी नगर निगम ने एक नई पहल की है। मंगलवार शाम निगम सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा ने ‘हमर महापौर हमर समाधान’ व्हाट्सएप चैट का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से बताया कि इस चैट के जरिए नागरिक कैसे अपनी समस्याएं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं और उनके निराकरण की प्रक्रिया को ट्रैक कर सकते हैं। बताया गया कि यह पहल धमतरी नगर निगम को प्रदेश का पहला निगम बनाती है, जिसने महापौर की पहल पर नागरिक संवाद के लिए ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया है।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी को कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि एचडीएफसी बैंक की मदद से पिछले तीन माह से इस परियोजना पर काम चल रहा था।
उन्होंने कहा— “अब नागरिक अपनी शिकायतें सीधे व्हाट्सएप चैट के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे और तय समय सीमा में उनका निराकरण किया जाएगा। जिनके पास एंड्रॉयड फोन नहीं है, वे अपने वार्ड पार्षदों के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकेंगे।”
महापौर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सहमति से चैट का नाम ‘हमर महापौर हमर समाधान’ रखने की घोषणा की, जिसका सभी ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
इस अवसर पर आयुक्त प्रिया गोयल, उपायुक्त पी.सी. सर्वा, एचडीएफसी बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख अभय कुमार, शाखा प्रबंधक राजीव वर्मा, प्रांजल जैन, प्रबंधक ईजाज खान, सदानंद पटेल (डिजिटल ग्रुप), पार्षदगण और निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
