हाराष्ट्र के खोपोली से एक हैरान कर देने वाली घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग स्कूली छात्रा ऑटो चलाती हुई नजर आई. ऑटो में कई अन्य छात्र भी सवार दिखाई दे रहे हैं. वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया है कि छात्रा ऑटो की ड्राइविंग सीट पर बैठी है और ऑटो चला रही है, जबकि ऑटो ड्राइवर उसके साइड में बैठा हुआ है. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों ने ऑटो ड्राइवर की लापरवाही पर सवाल खड़े किए.
स्कूटी सवार व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया वीडियो
वीडियो में देख सकते हैं कि एक व्यस्त सड़क पर नाबालिग छात्रा कई अन्य छात्रों को बिठाकर ऑटो चला रही है और ऑटो का असली ड्राइवर छात्रा के साइड में बैठा हुआ है. ऑटो में सवार सभी छात्रों ने स्कूल की यूनिफ़ॉर्म पहनी हुई है, जिससे यह साफ होता है कि सभी स्कूली छात्र है और ऑटो चला रही छात्रा ने भी स्कूल की ही यूनिफॉर्म पहनी हुई है.
इस दृश्य को देखने के बाद पीछे से आ रहे किसी स्कूटी सवार व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें ऑटो का नंबर भी साफ तौर पर देखा गया है. वीडियो में देख सकते हैं कि सड़क पर कई सारे वाहन चल रहे हैं और इतने वाहनों के बीच छात्रा ऑटो चला रही है. अगर जरा सी भी चूक हो जाती तो सभी की जान को खतरा हो सकता था.

पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ दर्ज किया केस
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खोपोली पुलिस ने इस घटना पर तुरंत कार्रवाई की और साथ ही ऑटो ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
ऑटो ड्राइवर पर लापरवाही और बच्चों की जान जोखिम में डालने का आरोप भी लगाया गया है. वायरल वीडियो पर लोगों के भी तमाम रिएक्शन सामने आ रहे हैं और साथ ही लोग वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं.
