धमतरी/ 3 नवम्बरछत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिलेभर में राज्योत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जिला मुख्यालय धमतरी के डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में 2 से 4 नवम्बर तक जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन जारी है।
राज्योत्सव के तीसरे दिन सोमवार की शाम दर्शकों के लिए खास होगी, जब दिल्ली से आए प्रसिद्ध ‘साधो बैंड’ अपनी लाइव प्रस्तुति देंगे। बैंड का कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होगा, जिसमें लोक, सूफी, कव्वाली और बॉलीवुड संगीत का अनोखा संगम देखने-सुनने को मिलेगा।

दिल्ली स्थित यह लोक-पॉप बैंड नौ कलाकारों का समूह है, जो भारतीय शास्त्रीय, लोक और सूफी संगीत को आधुनिक वाद्य यंत्रों — हारमोनियम, गिटार, बास और सैक्सोफोन — के साथ पेश करता है। साधो बैंड का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ना है।
कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित राज्योत्सव में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और संगीत की विविधता का आनंद लें और राज्य की गौरवशाली परंपरा का उत्सव मनाएँ।
