धमतरी/ अर्जुनी पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम ढिमरटीकुर में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। अर्जुनी पुलिस की तत्परता से आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 1 नवम्बर की रात करीब 10 बजे प्रार्थी नरेन्द्र कुमार साहू गांव के कुछ लोगों के साथ बजरंग चौक में बैठकर खेती-किसानी पर चर्चा कर रहे थे। तभी गांव का तिहारू राम यादव (60 वर्ष) वहां पहुंचा और दीपावली के दिन हुए पैसों के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर तिहारू राम ने अपने हाथ में रखे धारदार लोहे के बण्डा से प्रार्थी के सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर नरेन्द्र साहू के दाहिने हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए हथियार अपने घर से निकालकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर सीलबंद किया।
एफएसएल टीम और अर्जुनी पुलिस ने मौके से खून से सनी मिट्टी, कपड़े और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। आरोपी के खिलाफ धारा 296(ख), 109 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
