धमतरी/ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोडरा संबलपुर में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि तीन माह के बच्चे के लिए स्वेटर खरीदने की बात कहने पर पति ने अपनी नवविवाहिता पत्नी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोन की किस्त को लेकर होता था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोडरा संबलपुर निवासी रेणुका साहू (21 वर्ष) का विवाह वर्ष 2025 में बलराम साहू के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि बलराम द्वारा लिए गए लोन की किस्त को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

इसी बीच रेणुका ने अपने तीन माह के बच्चे के लिए स्वेटर खरीदने की बात कही। आरोप है कि इस मामूली सी मांग पर पति गुस्से में आ गया और उसने पत्नी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
आग की चपेट में आने से रेणुका के गले और पीठ में जलने की चोटें आई हैं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप
तीन माह के मासूम बच्चे के लिए स्वेटर खरीदने जैसी जरूरत को लेकर शुरू हुआ विवाद इस हद तक पहुंच जाना बेहद गंभीर मामला है। घटना ने घरेलू हिंसा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नोट: मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण से संबंधित जानकारी की पुष्टि के बाद खबर को अपडेट किया जा सकता है।
