धमतरी/ धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने मवेशी परिवहन को लेकर विवाद करते हुए प्रार्थी और उसके पिता से मारपीट की तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने 50 हजार रुपये नगद लूट लिए और क्यूआर कोड के माध्यम से 28,500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन क्रमांक CG 05 X 4660, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा 30 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र साहू (19 वर्ष, ग्राम भेंडरवानी), नीरज ध्रुवंशी (23 वर्ष, ग्राम कसही) और विनय ध्रुवंशी (24 वर्ष, ग्राम कसही) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी, मारपीट, अवैध हथियार और अन्य संगीन अपराधों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है.
